भारत 2047 से पहले बनेगा विकसित राष्ट्र: केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने बताया मोदी सरकार का विजन

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 से पहले विकसित भारत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जब प्रधानमंत्री ने कार्यभार संभाला था, तब देश का वार्षिक बजट लगभग 14 लाख करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2026-27 में बढ़कर 42 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, यानी लगभग 126 प्रतिशत वृद्धि।

शनिवार को राजपुर रोड स्थित मधुबन होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुरी ने केंद्रीय बजट की प्रमुख उपलब्धियों और सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि लगातार आधारभूत ढांचे के विकास पर ध्यान देने से अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और अगले वर्ष भारत पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के साथ जर्मनी को पीछे छोड़ सकता है।

पुरी ने कहा कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। घरेलू उत्पादन बढ़ने के बावजूद ऊर्जा सुरक्षा के लिए आयात पर निर्भरता बनी रहेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि अगले पांच वर्ष में पीएनजी गैस पाइपलाइन नेटवर्क को 26 हजार किलोमीटर से बढ़ाकर 33 हजार किलोमीटर किया जाएगा।

उन्होंने उत्तराखंड में चल रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया। पुरी ने कहा कि राज्य में इस समय करीब 31 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। वर्ष 2013 तक उत्तराखंड को केंद्र से लगभग 170 करोड़ रुपये का कैपिटल फंड मिलता था, जो अब बढ़कर करीब 4200 करोड़ रुपये हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *