पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल के विस्तार की तैयारी अंतिम चरण में, 20 से अधिक कार्यकर्ताओं को भी मिलेंगे दायित्व

पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल के विस्तार की तैयारी अंतिम चरण में, 20 से अधिक कार्यकर्ताओं को भी मिलेंगे दायित्व
प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के विधायकों एवं निष्ठावान सक्रिय कार्यकर्ताओं की मनोकामना जल्द पूरी होने जा रही है। पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल के विस्तार की तैयारी अंतिम चरण में है। साथ में 20 से अधिक दायित्व बांटे जाएंगे। दायित्वधारियों की सूची बन चुकी है। हाईकमान से हरी झंडी मिलते ही पखवाड़े के भीतर ये दोनों कार्य होने लगभग तय माने जा रहे हैं।
पुष्कर सिंह धामी सरकार एवं भाजपा, दोनों चुनावी मोड में आ आ चुके हैं। धामी सरकार 23 मार्च को चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। यद्यपि, इससे पहले ही धामी सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों को आधार बनाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गत सात मार्च को हरिद्वार से चुनावी शंखनाद कर चुके हैं। गढ़वाल मंडल के बाद 21 मार्च को कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह धामी सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में जनसभा को संबोधित करेंगे।
विधानसभा चुनाव अगले वर्ष
अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश में राजनीतिक स्थायित्व के संदेश के इस क्रम में पार्टी अपने विधायकों एवं कार्यकर्ताओं का भी मनोबल बढ़ाने की तैयारी कर रही है। मंत्रिमंडल के विस्तार और दायित्व वितरण के माध्यम से पार्टी का मनोबल बढ़ाने के साथ ही संदेश भी दिया जाना है। धामी मंत्रिमंडल में वर्तमान में पांच सीट रिक्त हैं। कुल 12 में से मंत्रिमंडल की सात सीट भरी हैं। अगले विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल में विस्तार को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस संबंध में पहले भी संकेत दे चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *