iPhone Duo 2 पर काम कर रही Apple, बाहरी स्क्रीन पर मिलेगा Face ID और एक्शन बटन: रिपोर्ट

Apple पहले से ही अगले फोल्डेबल मॉडल के प्रोटोटाइप टेस्ट कर रही है जिसमें बाहरी डिस्प्ले पर Face ID लगाने की कोशिश चल रही है.

हैदराबाद: एपल कंपनी अपने पहले फोल्डेबल आईफोन यानी iPhone Duo के अगले वर्ज़न यानी संभावित iPhone Duo 2 पर काम कर रही है. इसके शुरुआती प्रोटोटाइप भी सामने आ चुके हैं, जिससे पता चलता है कि कंपनी हार्डवेयर में कई बदलाव सोच रही है. भारत समेत अन्य देशों में भी iPhone Duo की बिक्री शुरू हो चुकी है.

अब आई लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, एपल अंदरूनी तौर पर iPhone Duo के अगले वर्ज़न पर भी काम करना शुरू कर चुका है, जिसका नाम iPhone Duo 2 हो सकता है. हालांकि, अभी तक इस बात का पता नहीं चला है कि कंपनी नए फोल्डेबल आईफोन में क्या बदलाव करेगी. कंपनी ने अभी तक अगले फोल्डेबल आईफोन की कोई आधिकारिक घोषणा भी नहीं की है.

iPhone Duo 2 में Face ID और Action Button

ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन ने अपने पावर ऑन पॉडकास्ट में बताया कि एपल पहले से iPhone Duo 2 के प्रोटोटाइप टेस्ट कर रही है. इनमें बाहरी डिस्प्ले पर फेस आइडी लगाने की कोशिश हो रही है. इससे यूज़र्स को चेहरे से फोन अनलॉक करने का ऑप्शन मिलेगा.

हाल ही में लॉन्च हुए पहले फोल्डेबल फोन यानी iPhone Duo में साइड बटन पर Touch ID लगा है. पतले डिवाइस में फेस आइडी लगाना आसान नहीं होता. इसके लिए कंपनी को डॉट प्रोजेक्टर और इंफ्रारेड कैमरा जैसे पार्ट्स को और छोटा बनाना पड़ेगा और अगले फोल्डेबल आइफोन के लिए शायद कंपनी ऐसा ही कर रही है या करने वाली है.

इसके अलावा एपल के अगले फोल्डेबल फोन में एक्शन बटन भी देखने को मिल सकता है. ये एक कस्टमाइजेबल बटन है, जो पहले आईफोन्स के प्रो मॉडल्स में देखने को मिलता है. इससे कैमरा खोलना या फ्लैशलाइट ऑन करना जैसे काम आसानी से हो सकते हैं, जो फिलहाल iPhone Duo में नहीं है.

कैमरा और डिस्प्ले में संभावित बदलाव

iPhone Duo 2 के कैमरा सेटअप में भी बदलाव हो सकते हैं. गुरमन के अनुसार एपल भविष्य में लॉन्च होने वाले फोल्डेबल फोन में टेलीफोटो कैमरा जोड़ने पर विचार कर रही है, लेकिन अभी तक ये कंफर्म नहीं है कि टेलीफोटो कैमरा iPhone Duo 2 में ही होगा या उसके बाद आने वाले किसी फोल्डेबल आईफोन में. मौजूदा फोल्डेबल आईफोन में 48MP का डुअल फ्यूज़न रियर कैमरा सेटअप दिया गया है. इसमें मेन और अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस शामिल हैं.

कंपनी बाद के जनरेशन में बड़ी इनर डिस्प्ले भी देने के बारे में सोच रही है. वहीं, मौजूदा आईफोन डुओ की बात करें तो इसमें 7.6 इंच की फोल्डिंग स्क्रीन दी गई है, जबकि भविष्य में इसका साइज बड़ा करके 8.5 से 9 इंच तक किया जा सकता है. गुरमन के मुताबिक, ये बदलाव दूसरे और तीसरे जनरेशन में बंटकर आ सकते हैं. ये सभी बदलाव एक साथ अगले फोल्डेबल आईफोन यानी iPhone Duo 2 में नहीं आएंगे. हालांकि, इस बात का ध्यान जरूर रखें कि एपल ने अभी तक इनमें से किसी भी बदलाव या अगले फोल्डेबल आईफोन के बारे में कुछ भी आधिकारिक तौर पर नहीं कहा है.