सीएम धामी ने देहरादून में खेली होली, बोले- रंगोत्सव की ऊर्जा से देवभूमि के विकास में भरेंगे नये रंग

सीएम धामी ने देहरादून में खेली होली, बोले- रंगोत्सव की ऊर्जा से देवभूमि के विकास में भरेंगे नये रंग
राजधानी देहरादून में होली का उत्साह चरम पर है। सोमवार को होलिका दहन से पहले दिनभर होली मिलन कार्यक्रमों में जमकर अबीर-गुलाल बिखरा तो होली गीतों की मनोहारी छटा बिखरी।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी होली के रंगों में सराबोर नजर आए। उन्होंने पार्टीजनों को शुभकामनाएं दी तो होली गीतों की धुन पर स्वयं को थिरकने से नहीं रोक पाए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सबको मिलकर रंगोत्सव से प्राप्त ऊर्जा से राज्य के विकास में नये-नये रंगों को भरना है।

बलवीर रोड स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में होली मिलन कार्यक्रम के दृष्टिगत सभी की नजरें मुख्य गेट की तरफ थी और इंतजार था मुख्यमंत्री धामी का।

उनके पहुंचते ही अबीर-गुलाल और पुष्प वर्षा से स्वागत हुआ तो दूसरी तरफ होल्यारों की टोली ने होली गीतों की छटा बिखेरी। इस पर मुख्यमंत्री स्वयं को रोक नहीं पाए और वह भी होली गीतों पर पार्टी नेताओं के साथ थिरके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास एवं कल्याण की योजनाओं से प्रदेश का कायाकल्प करने में जुटी है। जन-जन की सरकार के तहत 23 विभागों को गांव-गांव पहुंचाकर जनता की समस्याओं का उसके दरवाजे पर समाधान का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश को हासिल उपलब्धियों व आमजन के जीवन में आया बदलाव इस बार होली के उत्साह को बढ़ा रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पारिवारिक कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए, लेकिन कार्यकर्ताओं के नाम भेजे संदेश में उन्होंने विश्वास जताया कि रंगोत्सव से रिचार्ज होकर हम 2027 की होली को जीत के रंगों से भरेंगे।

इस मौके पर प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल व खजान दास, भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल समेत अन्य प्रांतीय पदाधिकारी, दायित्वधारी और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *