भाजपा बैठक में अरविंद पांडे का बड़ा बयान, खुद को बताया ‘अपराधी’, वैज्ञानिक जांच की मांग
काशीपुर में भाजपा की एक अहम बैठक के दौरान उस वक्त सियासी हलचल तेज हो गई जब गदरपुर विधायक अरविंद पांडे ने बड़ा बयान दिया.
रुद्रपुर: काशीपुर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रशिक्षण वर्ग की कार्य योजना बैठक उस समय चर्चा का केंद्र बन गई, जब पूर्व शिक्षा मंत्री और गदरपुर विधायक अरविंद पांडे ने मीडिया के सामने एक बेहद भावुक और चौंकाने वाला बयान दे दिया. उनके इस बयान ने ना केवल बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं को हैरान किया, बल्कि पूरे प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है.
दरअसल, हाल ही में अरविंद पांडे के पुत्र अतुल पांडे पर जमीन को कथित रूप से धोखाधड़ी के जरिए हड़पने के गंभीर आरोप लगे हैं. यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अरविंद पांडे ने खुद सामने आकर पूरे प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जब तक उनके और उनके परिवार पर इस तरह के आरोप लगे हुए हैं, तब तक वे खुद को ‘अपराधी’ मानते हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनके दामन पर लगे इन आरोपों का सच सामने आना बेहद जरूरी है. अरविंद पांडे ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की जांच आधुनिक और वैज्ञानिक तरीकों से कराई जाए. उन्होंने कहा कि वे किसी भी प्रकार की जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं और पीछे हटने वाले नहीं हैं.
उन्होंने सुझाव दिया कि मामले में दोनों पक्षों का पॉलीग्राफ टेस्ट और नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए, ताकि सच्चाई बिना किसी संदेह के सामने आ सके. उन्होंने यह भी कहा कि एक सत्ताधारी दल के विधायक होने के नाते उन पर लगने वाले आरोप केवल व्यक्तिगत नहीं होते, बल्कि इससे पूरी पार्टी की छवि प्रभावित होती है. यदि वे जांच में निर्दोष साबित होते हैं तो इससे भाजपा की प्रतिष्ठा और मजबूत होगी, लेकिन यदि वे दोषी पाए जाते हैं तो वे पार्टी पर बोझ बनकर नहीं रहना चाहते. उन्होंने भावुक होकर कहा कि वे राजनीति में केवल पद और सत्ता के लिए नहीं, बल्कि इंसानियत की सेवा के लिए आए हैं. इस दौरान अरविंद पांडे ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी तीखा हमला बोला.
उन्होंने कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली के कारण निर्दोष लोगों को परेशान होना पड़ता है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी अपनी छवि के घमंड में युवाओं को गलत दिशा में धकेल रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप कई दुखद घटनाएं सामने आ रही हैं. उन्होंने काशीपुर की एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ कथित अपमानजनक व्यवहार किया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय होने पर वे हमेशा उसके पक्ष में खड़े रहेंगे. अपने बयान के अंत में अरविंद पांडे ने वर्तमान राजनीति की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए.
उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में कई नेता केवल दिखावे तक सीमित रह गए हैं और असली मुद्दों से दूर हो चुके हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वे राजनीति में लंबे समय तक रहने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि अपने सिद्धांतों और इंसानियत के मूल्यों को निभाने के लिए आए हैं.भाजपा की इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान दिया गया यह बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.

